तलेन: एक ओर नगर परिषद स्वच्छता अभियान के नाम पर कागजों में फर्जी सफाई कार्य दिखाकर वाहवाही लूटने में लगी है, वहीं हकीकत इसके उलट नजर आ रही है. नगर परिषद तलेन के वार्ड क्रमांक 1 मिर्जापुर में नालियों का निर्माण न होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. इससे पूरे मार्ग पर कीचड़ और बदबू फैल गई है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बरसात के बाद से बायपास सड़क कीचड़ और पानी से भरी पड़ी है. हालात इतने खराब हैं कि दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं. स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है. वार्डवासी राकेश सिंह, संतोष, बद्रीलाल, मनोहर और बलराम सिंह ने बताया कि नाली निर्माण न होने से बरसाती पानी सीधे सड़क पर बहता है, जिससे कीचड़ जम जाती है. लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि इस समस्या से पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं. अब देखना यह है कि नगर परिषद कब तक इस बदहाली पर ध्यान देती है.
