
भिंड। भिंड में मां ने 28 दिन के नवजात की गला दबाकर हत्या कर दी। पति ने रोका तो उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना मालनपुर के वार्ड क्रमांक 14 की है। आरोपी उषा बघेल के पति जगन्नाथ सिंह बघेल ने बताया कि पत्नी पिछले कुछ दिनों से उस पर शक करती थी और आए दिन विवाद करती थी। गुस्से में आकर उषा ने बेटे की जान ले ली।जगन्नाथ सिंह बघेल उत्तर प्रदेश के ललितपुर के लाधवारी महुआ खेरा का रहने वाला है। भिंड में रहकर मजदूरी करता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी महिला उषा बघेल को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी प्रदीप सोनी ने बताया, पति-पत्नी के विवाद और शंका के चलते यह घटना हुई है। आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला के पति ने बताया कि दोनों ने इसी साल कोर्ट मैरिज की थी। कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह बात-बात पर शक करने लगी।
