नयी दिल्ली , 31 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर ( सीजीएसटी ) के दिल्ली दक्षिण आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों ने व्यापक स्तर पर धोखाधड़ी से इनपुट कर क्रेडिट (आईटीसी) प्राप्त करने के एक मामले का पर्दाफाश किया है और इस मामले में एक कंपनी के निदेशक को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार दक्षिण दिल्ली सीजीएसटी आयुक्त कार्यालय के कर चोरी निरोधक शाखा ने कंपनी के निदेशक को लगभग 31.95 करोड़ रुपये की वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) चोरी की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सक्षम न्यायिक प्राधिकारी ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। विज्ञप्ति के अनुसार जांच से पता चला कि कंपनी बिना किसी वस्तु या सेवा की आपूर्ति के केवल चालान के आधार पर धोखाधड़ी से दावे कर इनपुट कर क्रेडिट प्राप्त कर रही थी।
विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर जांच में कहा कि फर्म ने बिना किसी वस्तु के वास्तविक लेन-देन के बिना ही इनपुट कर क्रेडिट का लाभ उठाया और इसके लिए काल्पनिक और कागजी फर्मों के माध्यम से लेन-देन दिखाया।
