
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2025 :अक्टूबर के अंत में चक्रवात ‘मोंथा’ के कारण मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे उत्तर भारत में ठंड और पूर्वी भारत में बारिश तेज हो गई है। मौसम विभाग (IMD) ने 30 और 31 अक्टूबर के लिए कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार के 20 जिलों (दरभंगा, मुजफ्फरपुर) और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 17 जिलों (वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर) में झमाझम बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है, जिससे ठंड अचानक बढ़ गई है।
दिल्ली-NCR में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार सुबह से ही हल्की धुंध और बादल छाए हुए हैं, जिससे ठंडी हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 30 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान और गिरेगा। 1 नवंबर से ठंड के और बढ़ने का अनुमान है। वहीं, हरियाणा, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में भी बादलों की आवाजाही रहेगी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
झारखंड में मूसलाधार बारिश ने वक्त से पहले ही दिसंबर जैसी ठंड ला दी है, जहाँ 31 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी है। उधर, चक्रवात ‘मोंथा’ का रौद्र रूप दक्षिण भारत में जारी है। आंध्र प्रदेश में 3 लोगों की मौत की खबर है, जबकि तेलंगाना के वारंगल रेलवे स्टेशन पर पानी भर गया। IMD ने तमिलनाडु, कर्नाटक और ओडिशा के तटीय इलाकों में 65 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
