
ब्यावरा। जिले में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया है.
ब्यावरा सिटी थाना क्षेत्रांतर्गत सक्रिय गिरोह के सदस्यों से पुलिस ने कुल 56 हजार रुपए की ठगी की गई रकम और सामग्री बरामद की है. प्रेस वार्ता में इसका खुलासा करते हुए एसडीओपी प्रकाश शर्मा ने बताया कि यह गिरोह हरियाणा, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के अपराधियों का नेटवर्क है, जो भोले-भाले लोगों को एटीएम पर सहायता के नाम पर उलझाकर कार्ड बदलकर रकम उड़ा रहे थे.
अन्य प्रांतों में जाकर ठगो को दबोचा
पुलिस के अनुसार थाना ब्यावरा टीम ने उत्तर प्रदेश व हरियाणा से 4 अंतरराज्यीय शातिर एटीएम ठगों को दबोचा है. जिसमें सारिक पिता उमरदीन उम्र 30 वर्ष, निवासी खेड़ा कुर्तान, थाना कांदला, जिला शामली उत्तर प्रदेश, नईम अल्वी पिता मेहरबान, उम्र 28 वर्ष, निवासी संगम विहार, थाना लोनी जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, नियाज पिता इजहार मोहम्मद उम्र 27 वर्ष, निवासी गंगैरु, थाना कांदला, जिला शामली उत्तर प्रदेश एवं गौरव सरोवा पिता त्रिलोकचंद सरोवा, उम्र 33 वर्ष, निवासी डबुआ कॉलोनी, जिला फरीदाबाद हरियाणा को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है.
दो सौ से अधिक कैमरे खंगाले
पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, वहीं साइबर सेल की तकनीकी मदद ली और राजगढ़ से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा तक 2200 किमी का सफर तय किया. पुलिस ने 4 अंतर्राज्यीय शातिर ठगों को गिरफ्तार किया. जिनसे 118 फर्जी एटीएम कार्ड, एक कार रकम बरामद की गई. आरोपितों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया , जहां से अन्य ठगी के मामलों की जांच के लिए 5 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है.
इस कार्यवाही में सिटी थाना प्रभारी सहित उप निरीक्षक विवेक शर्मा, सहायक उप निरीक्षक समीर खान, प्रधान आरक्षक सर्जन भील, आशीष पाण्डेय, आरक्षक धीरेन्द्र कुमार, गुरु गोविन्द, आरक्षक हितेश का सराहनीय योगदान रहा.
