मोबाइल नंबर के साथ कॉल करने वाले का नाम डिस्प्ले करने पर ट्राई ने सौंपी प्रतिक्रिया

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने कॉल करने वाले व्यक्ति के मोबाइल नंबर के साथ स्क्रीन पर उसका नाम डिस्प्ले करने की सुविधा (सीनैम) अनिवार्य करने के बारे में दूरसंचार विभाग (डीओटी) के सुझावों पर अपनी प्रतिक्रिया विभाग को सौंप दी है।

डीओटी और ट्राई दोनों इस सुविधा को शुरू करने के पक्ष में हैं। जब यह सुविधा शुरू की जायेगी तो आपके मोबाइल या डिस्प्ले स्क्रीन वाले लैंडलाइन के रिसीवर के स्क्रीन पर कॉलर का नाम भी दिखेगा। ट्राई द्वारा की गयी अनुसंशाओं पर डीओटी के अधिकतर सुझावों को नियामक ने स्वीकार कर लिया है। हालांकि इस सुविधा को डिफॉल्ट बनाने या पूरक बनाने को लेकर दोनों के बीच असहमति है।

ट्राई ने मंगलवार को बताया कि डीओटी ने इसे डिफॉल्ट सुविधा बनाने का सुझाव दिया है जबकि नियामक ने अंतर्राष्ट्रीय मानकों का हवाले देते हुए इसे पूरक सुविधा के तौर पर लागू करने की बात कही है। ट्राई ने कहा था कि जो ग्राहक चाहते हैं सिर्फ उन्हें ही यह सुविधा प्रदान की जानी चाहिये। वहीं डीओटी की राय है कि यह सुविधा सभी के लिए बिना मांगे उपलब्ध होनी चाहिये और ग्राहक चाहे तो यह सुविधा हटाने के लिए वह अनुरोध कर सकता है।

अन्य अनुशंसाओं में ट्राई ने कहा है कि एक निश्चित तिथि तय की जानी चाहिये जिसके बाद देश में बिकने वाले सभी हैंडसेट पर सीनैम की सुविधा उपलब्ध हो। उसने कहा है कि पहले सीनैम का एक स्थानीय सेवा क्षेत्र में परीक्षण किया जाना चाहिये और बाद में उसका विस्तार किया जाना चाहिये।

उल्लेखनीय है कि डीओटी ने 21 मार्च 2022 को ट्राई से देश में सीनैम लागू करने के बारे सिफारिश मांगी थी। ट्राई ने हितधारकों से विचार-विमर्श के बाद 23 फरवरी 2024 को अपनी अनुशंसा दूरसंचार विभाग को सौंपी थी। उन अनुशंसाओं पर विभाग ने 26 सितंबर 2025 को कुछ संशोधनों के सुझाव दिये थे। उन सुझावों और उन पर दूरसंचार नियामक की प्रतिक्रिया को ट्राई ने आज अपनी वेबसाइट पर अपलोड किया है।

 

 

Next Post

चावल नरम, खाद्य तेल मजबूत, दालों में घट-बढ़

Tue Oct 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल के औसत भाव घट गये। वहीं, खाद्य तेलों में तेजी रही जबकि दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया। विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का जनवरी वायदा 58 रिंगिट […]

You May Like