
छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रजोला में बीमारी से एक महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत है। गांव में अब भी कई लोग बीमार हैं, लेकिन इलाज और शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न होने से जनता प्रशासन पर नाराज है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने गांव पहुंचकर प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दूषित पानी से ग्रामीण डायरिया की चपेट में हैं और जनता की जान जा रही है।
कांग्रेस ने अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र के सामने धरना देकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल करने व शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। श्री ओकटे ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
इस दौरान दिवंगत दुर्गाबाई चंद्रवंशी के परिजनों को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ की ओर से आर्थिक सहायता दी गई।
वहीं, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने बताया कि दुर्गाबाई (36) को 25 अक्टूबर को उल्टी-दस्त व पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान 26 अक्टूबर की सुबह उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।
