एक साल से घरों तक नहीं पहुंच रही कचरा संग्रहण गाड़ी

इंदौर:नगर निगम द्वारा इंदौर को स्वच्छ शहर बनाने के लिए सीधे लोगों के घर से कचरा संग्रह करने का अभियान जोरों पर शुरू किया गया. इससे शहर को स्वच्छ बनाने में सफलता भी मिली, इस अभियान में 6-7 साल तक देखा गया कि कचरा संगहण गाडिय़ां उत्साहपूर्वक गली-गली पहुंच रही थीं. यहां तक कि छोटी और तंग गलियों में भी हाथ गाड़ी से कचरा संगहण किया जा रहा था, लेकिन अब करीब एक साल से देखने में आ रहा है कि कई क्षेत्रों में अब कचरा संग्रह सुविधा अघोषित रूप से बंद कर दी गई है. इससे शहर की बस्तियों की तंग गलियों में या तो कचरे और गंदगी के ढेर लग जाते हैं या यहां के रहवासियों को पैदल चलकर मुख्य मार्ग पर कचरा गाड़ी तक पहुंचना पड़ता है.
ऐसा ही एक मामला वार्ड – 7 के कंदीलपुरा क्षेत्र के गोकुलगंज के सामने देखने को मिला. यह क्षेत्र जिला शिक्षा कार्यालय से वायर फैक्ट्री रोड के बीच में आता है. गोकुलगंज की कई गलियां ऐसी हैं, जहां पूर्व में अंदर तक जाकर कचरा संग्रह किया जाता था. परिणामस्वरूप गलियां साफ-सुथरी दिखती थीं. वर्तमान में यहां कचरा गाड़ी इन गलियों में नहीं आती. यह गाड़ी मुख्य मार्ग तक ही आती है. इस कारण यहां की महिलाओं और बच्चों को मुख्य मार्ग तक पैदल चलकर कचरा डालने गाड़ी तक पहुंचना पड़ता है. घर कचरा ले जाने की सुविधा बंद होने के बाद रहवासियों द्वारा क्षेत्र के दरोगा एवं कचरा संग्रह वाहन चालक से कई बार आग्रह किया गया कि पहले की तरह क्षेत्र के अंदर तक कचरा वाहन लेकर आएं, लेकिन आज तक इस पर अमल नहीं किया गया. इससे रहवासियों में तीव्र असंतोष है.
रहवासियों का कहना है
मोहल्ले में कई महिलाएं बुजुर्ग हैं, कई महिलाएं बीमार रहती हैं, कई नव विवाहिताएं भी हैं, उन्हें कचरा लेकर दूर मुख्य सडक़ तक जाना उनके लिए कई समस्याएं खड़ी करता है. निगम के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों को महिलाओं की सुविधा का ध्यान रखना चाहिए.
– विनीता जरिया
घरों के पुरुष तो काम पर चले जाते हैं. महिलाओं और बच्चों को ही घर से निकलकर मुख्य सडक़ पर खड़ी कचरा गाड़ी तक कचरा लेकर जाना पड़ता है. नगर निगम के जिम्मेदार तत्काल इस ओर ध्यान दें और पूर्व जैसी सुविधा दोबारा चालू करें.
– जानकी टिकलिया
कचरा गाड़ी पहले नियमित आती थी, फिर कचरा वाहन चालक बीच में छुट्टी करने लगे, लेकिन जब क्षेत्र में सडक़ का कार्य शुरू किया गया तो उन्होंने गाड़ी नहीं आ पाने का बहाना बनाया. जब सडक़ बन गई तो भी उन्होंने कचरा गाड़ी लाना शुरू नहीं किया. एक साल से अधिक समय हो गया, जब से कचरा गाड़ी क्षेत्र में नहीं आई.
– नीमा बाई

Next Post

विद्याप्रमाण गुरुकुलम् का शुभारंभ, मुनि श्री प्रमाणसागर ने दिया आशीर्वाद

Mon Oct 27 , 2025
भोपाल। गुणायतन भोपाल द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुनि श्री प्रमाणसागर महाराज ने कहा कि गुरुकुलम का शुभारंभ उसी भावना का परिणाम है, जिसके लिए भोपाल चातुर्मास का निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा कि श्री सम्मेदशिखर के बाद यदि किसी बड़े प्रकल्प की शुरुआत हुई है तो वह […]

You May Like