ग्वालियर: लश्कर क्षेत्र में कारोबारी की पत्नी मीना बंसल के साथ ठगी की घटना सामने आई है। घटना चिटनिस की गोठ के पास हुई। जानकारी के अनुसार, एक किशोर ने रास्ता पूछने का बहाना कर मीना से बातचीत शुरू की। कुछ ही देर बाद एक युवक मौके पर आया और दोनों ने मिलकर महिला को बातों में उलझाकर गली की ओर ले जाकर सोने की चेन, दो अंगूठियां और टाप्स उतरवा लिए।
आरोपितों ने गहनों को कपड़े में रखकर देने का दिखावा किया, लेकिन बाद में जब महिला ने कपड़ा खोला तो उसमें कंकड़-पत्थर मिले। पीड़ित महिला ने तुरंत कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति कैमरों में नजर आए हैं और उनकी पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। पुलिस का अनुमान है कि यह आरोपी पहले पकड़े गए इंटर-स्टेट गैंग के सदस्य हो सकते हैं। इस गैंग को जनकगंज क्षेत्र में दीपावली से पहले पकड़ा गया था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, गहनों की खरीद-फरोख्त के ठिकानों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
