
ग्वालियर। ग्वालियर थाना क्षेत्र में मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए तीन और कार्बाइड गन को जब्त किया है। ग्वालियर पुलिस को सूचना मिली थी कि चार शहर का नाका पर एक व्यक्ति के पास कार्बाइड गन देखी गई है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए वहां घेराबंदी की। बताया गया है कि आस-पास रहने वालों ने भी इसकी शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस घेराबंदी करके खड़ी थी, उसी समय हीरालाल झा पुत्र मनीपाल झा हाथ में दो कार्बाइड गन लेकर नजर आ गया। हीरालाल कार्बाइड गन चलाता, उससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया और थाने ले आई। पुलिस ने दूसरी कार्रवाई लधेड़ी क्षेत्र में की। लधेड़ी में आम रोड पर डालचंद बाथम उर्फ डालू पुत्र सीताराम बाथम कार्बाइड गन लेकर उसे चलाने के लिए आया। डालचंद कार्बाइड गन चलाता उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस कार्बाइड गन के साथ पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने गन कहां से खरीदी या कहीं ऑनलाइन तो नहीं मंगाई।
*आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज होगा*
कार्बाइड गन से प्रदेशभर में मचे हाहाकार के बाद इसके उपयोग को लेकर पुलिस सख्त है। आला अफसरों ने कह दिया है कि जिसके पास भी यह कार्बाइड गन मिलेगी या पकड़ी जाएगी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला कायम होगा। मतलब साफ है कि कार्बाइड गन अब कोई खिलौने की श्रेणी में नहीं है बल्कि घातक हथियार के रूप में मानी जाएगी और उसका उपयोग करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
