हिमाचल में भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने किया मतदान

शिमला, 01 जून (वार्ता) हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों पर शनिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सुबह बिलासपुर में परिवार के साथ मतदान किया।

राज्य की चार संसदीय सीटों के लिए कुल 37 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदेश में 7992 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में 57,11,969 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद कर देंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सुबह सात बजे बिलासपुर में परिवार के साथ वोट डाला। वही कांगड़ा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजीव भारद्वाज भी सुबह वोट डालने पहुंचे।

हमीरपुर के पनियाला पोलिंग बूथ पर ईवीएम मशीन खराब होने की वजह से लोग बिना मतदान किए लौट गए। इसके अलावा, कांगड़ा के पोलिंग बूथ-29 पर मशीन हैंग हो गई। जिसकी वजह से मतदान रुक गया।

शिमला में जहां लोकसभा सीट पर भाजपा के सुरेश कश्यप और कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुरी आमने-सामने हैं। वहीं कांगड़ा सीट पर भाजपा के राजीव शर्मा और कांग्रेस के आनंद शर्मा के बीच मुख्य मुकाबला है। हमीरपुर लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के सामने कांग्रेस के सतपाल रायजादा हैं। मंडी लोकसभा सीट पर भाजपा की कंगना रनौत के सामने कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह हैं।

इसके अलावा, हिमाचल की छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग चल रही है। इनमें सुजानपुर, धर्मशाला, लाहौल स्पीति, बड़सर, गगरेट और कुटलैहड़ शामिल हैं।

Next Post

इंडिगो विमान में बम की धमकी,मुंबई में आपात लैंडिंग

Sat Jun 1 , 2024
मुंबई, 01 जून (वार्ता) चेन्नई से मुंबई आ रहे इंडिगो विमान को बम की धमकी के बाद शनिवार को मुंबई में आपात स्थिति में उतार लिया गया। सूत्रों ने बताया कि चेन्नई-मुंबई रूट पर उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट 6ई-5314 के लिए उस समय पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया, […]

You May Like