भोपाल:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि टमाटर उत्पादन में मध्यप्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सब्जी उत्पादक किसानों को सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं का भरपूर लाभ मिल रहा है। टमाटर, जो हर रसोई की प्राथमिक आवश्यकता है, के उत्पादन में प्रदेश की सफलता किसानों के परिश्रम और सरकारी सहयोग का परिणाम है।
डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन (PMFME) योजना का भी जिक्र किया, जिसके माध्यम से टमाटर की फसल पर आधारित लघु उद्योगों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसके अलावा, टमाटर के बीज पर किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अनुदान से किसानों को बड़ा संबल मिला है और योजना से लाभान्वित होकर हमारे किसान भाई आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं और समृद्धि की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।
