छतरपुर। पूर्व गृहमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा बीती शाम बागेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भेंट की। यह यात्रा डबरा में फरवरी माह में होने वाली तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा के संकल्प हेतु की गई थी।
भेंट के दौरान नरोत्तम मिश्रा ने बागेश्वर महाराज को अंग वस्त्र भेंट किया और पगड़ी पहनाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दोनों के बीच डबरा में आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।
बागेश्वर महाराज ने एक वीडियो संदेश जारी कर बताया कि डबरा में 14 से 20 फरवरी तक प्रयागराज महाकुंभ की तर्ज पर ‘द्वितीय महाकुंभ’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा का वाचन होगा, जिसमें देशभर के प्रमुख संत-महात्मा और गणमान्य अतिथि सम्मिलित होंगे।
पूर्व गृहमंत्री मिश्रा इस अवसर पर नवग्रह की स्थापना भी करेंगे। श्रद्धालुओं ने नारियल भेंट कर बालाजी के चरणों में कथा का संकल्प लिया। यह आयोजन ग्वालियर-चंबल अंचल के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक पर्व के रूप में देखा जा रहा है।
