इंदौर: शहर में देर रात तीन अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया. हालांकि, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से तीनों जगह आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.पहली घटना एमजी रोड क्षेत्र के जेल रोड की है, जहां देर रात करीब 1 बजे बिजली के पोल में अचानक आग लग गई. शॉर्ट सर्किट के चलते तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और कुछ ही देर में धुआं उठने लगा.
सूचना पर एमजी रोड पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. एमपीईबी अधिकारियों ने क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद करीब 1000 लीटर पानी और फोम की मदद से आग पर काबू पाया. इस दौरान एक घंटे तक इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित रही. जेल रोड मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों के लिए प्रसिद्ध क्षेत्र है, ऐसे में समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. वहीं, दूसरी घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र के पंचशील नगर में हुई, जहां देर रात एक मकान में आग लग गई.
शुरुआती जांच में आग की वजह पटाखों की चिंगारी बताई जा रही है. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर 5000 लीटर पानी डालकर आग बुझाई. इस हादसे में गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया. वहीं तीसरी घटना बाणगंगा क्षेत्र की है, जहां यादव स्क्रैप गोदाम में आग लग गई. फायर ब्रिगेड ने यहां पांच टैंकर पानी डालकर आग पर काबू पाया. गनीमत रही कि तीनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. नगर निगम और फायर ब्रिगेड टीमों ने देर रात तक बचाव कार्य जारी रखे. अधिकारी अब तीनों ही जगह हुई आग लगने की घटनाओं के कारणों की जांच कर रहे हैं.
