इंदौर:पानी की पूर्ति को लेकर जिन क्षेत्रों में नर्मदा पानी की लाइन नहीं पहंुच पाई है वहां सरकारी बोरिंग किया जाता है. लेकिन देखने में यह भी आया है कि इस व्यवस्था के बाद भी कई तरह की समस्याएं होती है और लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता.राज मोहल्ला क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 70 से एक बार फिर समस्या सामने आई है. पानी की किल्लत को लेकर आर्दश इंदिरा नगर में लोगों से इस बारे में बात की गई तो पता चला कि क्षेत्र की कई गलियों में पानी की किल्लत हो रही है.
जबकि क्षेत्र में पूर्व से ही नर्मदा पानी की लाईन बिछाई जा चुकी है. पानी की कमी को दूर करनें के लिए क्षेत्र में सरकारी बोरिंग भी किया हुआ है, जिसकी लाईन भी घरों-घर पहुंचाई गई है लेकिन बोरिंग की मोटर कमजोर होने या वॉटर लेवल की कमी के कारण बोरिंग के आस-पास के घरों तक ही पानी पहुंचता है. बाकी लागों को खुद ही बोरिंग पर आकर पानी लेना पड़ता है. एक तरफ नर्मदा लाइन से पानी कम आना वही दूसरी तरफ सरकारी बोरिंग होने के बावजूद सुविधा न मिलना यह लोगों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर रहा है.
इनका कहना है
जिनके यहां पानी की किल्ल्त हो रही है उन्हें अपने घरों में ही पानी का स्टॉक करके रखना पड़ता है. अगर बोरिंग खराब हो जाए तो फिर इधर-उधर जाकर पानी लाना होता है.
– लीलाबाई कुशवाह
गर्मियों में पानी की दिक्कत बढ़ जाती है. नर्मदा लाइन से नलों में पानी कम आता है. अगर वॉल अच्छी तरह खोला जाए तो क्षेत्र में पानी की किल्लत नहीं होगी. पर्याप्त पानी मिलेगा.
– मधुबाला भाटी
बजट के बाहर है नर्मदा लाइन लेना, जो बोरिंग की लाइन है उसका प्रेशर इतना कम है कि यहां तक नहीं आता. इस कारण से हमें दूर जाकर बोरिंग से पानी लाना पड़ता है.
– विनय पंवार
