मुलताई नपा में हाइड्रोलिक काऊ कैचर खरीदी में घोटाला: चार अधिकारी जांच के घेरे में

मुलताई। नगर पालिका में करीब 4.60 लाख की हाइड्रोलिक काऊ कैचर वाहन खरीदी में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। इस कथित घोटाले में तत्कालीन सीएमओ नितिन बिजवे सहित चार अधिकारियों पर विभागीय जांच शुरू की गई है।

जानकारी के अनुसार, यह खरीदी दो वर्ष पूर्व तत्कालीन सीएमओ नितिन बिजवे के कार्यकाल में की गई थी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल ने इस मामले में सीएमओ नितिन बिजवे, उपयंत्री पंकज धुर्वे, एकाउंटेंट भागचंद अहिरवार और सहायक राजस्व निरीक्षक अमरलाल कावड़े को आरोप पत्र जारी किया है। विभागीय आयुक्त संकेत भोंडवे ने आदेश क्रमांक शि./6/मुलताई/2025/2/137 के तहत सभी अधिकारियों को 15 दिनों में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जांच रिपोर्ट में पाया गया कि फरवरी 2020 से 2022 के बीच नगर पालिका ने 15वें वित्त आयोग की राशि से यह खरीदी की, जबकि नियमानुसार भुगतान निकाय निधि से होना चाहिए था। साथ ही ₹1 लाख से अधिक की खरीदी के लिए अनिवार्य खुली निविदा प्रक्रिया भी नहीं अपनाई गई। अधिकारियों ने जेम पोर्टल के माध्यम से भोपाल की मेसर्स ज्योति इंडस्ट्रीज से वाहन खरीदा और भुगतान कर दिया, जो नियमों का उल्लंघन है।

शासन ने इस मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सीधे जिम्मेदार ठहराया है। घोटाले के खुलासे के बाद नगर में प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। नागरिकों ने मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन के दुरुपयोग पर अंकुश लग सके।

Next Post

1180 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार

Tue Oct 21 , 2025
सीधी। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा मेडिकल नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी सेमरिया उप निरीक्षक केदार परोहा के नेतृत्व में सेमरिया […]

You May Like