फिर बिगड़ सकता है मौसम, रात के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की तेजी

हवा की गति हुई 8 किलोमीटर, होली तक बना रहेगा उतार-चढ़ाव

उज्जैन। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। जिसका असर एक बार फिर मौसम पर पड़ता दिखाई दे रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने रविवार से फिर बदलाव का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इस बीच शहर के न्यूनतम तापमान में तेजी आना शुरू हो गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान भी 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ है।
जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार गुप्त ने बताया कि इस बार दिसंबर माह से ही पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बंगाल की खाड़ी में लगातार दिखाई दे रही है। पहले 5 से 7 दिन में नया सिस्टम एक्टिवेट हो रहा था। अब 12 से 15 दिन में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता नजर आ रही है जिसकी वजह से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला बना हुआ है। इस बार एक साथ तीन मौसम प्रणाली एक्टिवेट हुई है। जिसके चलते न्यूनतम तापमान में तेजी आने लगी है। शुक्रवार शनिवार रात तापमान में 5 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान में भी 0.7 डिग्री की तेजी आई है। हवा 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। जिसका रुक उत्तरी होने पर सुबह शाम गुलाबी ठंड बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने रविवार से बदलाव का अलर्ट जारी किया है और प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। आसमान में बादल छा सकते हैं। फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री और अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री बना हुआ है। आगामी एक-दो दिन में दिन रात के तापमान में कमी आ सकती है। उतार चढ़ाव का सिलसिला होली तक बना रहेगा।

मौसम परिवर्तन से किसानों को नुकसान
इन दिनों खेतों में गेहूं की फसल कटाई का काम चल रहा है। अब भी खेतों में फसल खड़ी दिखाई दे रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का असर जबलपुर,शहडोल के साथ नर्मदापुरम, सागर संभाग के जिलों अधिक हो सकता है। इसके साथ ही तेज रफ्तार हवाओं के साथ डिंडौरी, छिंदवाड़ा और मंडला जिले में ओले गिर सकते हैं। वहीं राजधानी भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में तेज रफ्तार हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। अलग स्थानों पर बनी तीन मौसम प्रणालियों के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है। इसके पूर्व भी मौसम खराब होने के चलते बारिश हो चुकी है और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच चुका है।

Next Post

पराठे का ठेला लगाने वाले युवक पर तीन बदमाशों ने किया चाकू से हमला

Sat Mar 16 , 2024
उज्जैन। बीती रात पराठे का ठेला लगाने वाले युवक को रास्ते में रोक तीन बदमाशों ने चाकू मार दिए । घायल युवक को हालत में उपचार के लिए पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची। घायल ने चाकू मारने वालों के नाम बताए हैं। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। भागसीपुरा में […]

You May Like