मिर्जापुर में गर्मी बनी काल,चुनाव ड्यूटी पर आये आठ होमगार्डो समेत 14 मरे

मिर्जापुर 31 म‌ई (वार्ता) प्रचंड गर्मी और ताप लहरी की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में शुक्रवार को चुनाव ड्यूटी पर आए आठ होमगार्डों समेत 14 लोगों की मौत गई। जबकि 23 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसमें दो हालत गंभीर है।

शनिवार को यहां लोकसभा चुनाव के सातवें चरण का मतदान होना है। कहा जा रहा है, भीषण गर्मी और लू की वजह से इन होमगार्डों की मौत हुई। मिर्जापुर का तापमान 47 डिग्री पहुंच गया है।

मतदान को लेकर कई जिलों से होमगार्ड चुनावी ड्यूटी के लिए मिर्जापुर बुलाए गए हैं। चुनाव ड्यूटी करने आए 25 होमगार्ड पोलिंग पार्टी रवाना होने से पहले पॉलिटेक्निक मैदान पहुंचे। अचानक इनमें से कई की तबीयत खराब होने लगी। सभी को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सात होमगार्डों समेत 13 लोगों ने दम तोड़ दिया। 18 होमगार्डों का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर बीमार होमगार्डों के इलाज में जुटे हैं।सूचना पर मौके पर पहुंची जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने भर्ती मरीजों का हाल जाना।

डॉक्टर्स का कहना है, जब इन जवानों को इलाज के लिए लाया गया था उस वक्त सभी को तेज बुखार था। ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। अंदेशा है कि इन जवानों की मौत भीषण गर्मी की वजह से हुई है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आरबी कमल ने बताया, हमारे यहां 13 की मौत हुई है। इनमें सात होमगार्ड, चार सिविल स्टाफ और दो लोग प्रयाग के रहने वाले हैं। एक अज्ञात की मौत हुई है। 23 जवान अभी भर्ती हैं। चार लोग ऐसे आए थे, जिनकी पहले मौत हो चुकी थी।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि आज पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना हुईं, कल वोटिंग है। चुनावी ड्यूटी में अलग-अलग जिलों से आए जवानों की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनकी देखभाल मेडिकल कॉलेज के स्टाफ कर रहे हैं। अब तक सात होमगार्डों की मौत हुई है। पोलिंग बूथ पर ड्यूटी कर रहे कर्मियों को पानी ओआरएस के घोल आदि की व्यवस्था की गई है। लोगों को निर्देश दिया गया है कि सावधानी बरतें।

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया, चुनाव सम्पन्न कराने के लिए आज रवानगी हुई। इसी दौरान सात होमगार्डों की मौत हो गई। इनमें दो गोंडा, एक प्रयागराज, एक बस्ती, एक कौशांबी और एक मिर्जापुर के रहने वाले थे।

मृतकों की पहचान कृष्णपाल अवस्थी, बच्चाराम, सत्यप्रकाश, श्रीराम जियावन यादव, अविनाश पांडेय, त्रिभुवन सिंह, रामकरन के रूप में हुई है। घरवालों को तत्काल सूचना दे दी गई है। राहत संबंधी कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने होटवार जेल गये

Fri May 31 , 2024
रांची, 31 मई (वार्ता) झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज मुलाकात करने होटवार जेल गये। यह मुलाकात कई मायनों में अहम है। इससे पहले चंपाई सोरेन ने 4 अप्रैल को हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी। उस दौरान लोकसभा चुनाव को लेकर बातचीत हुई थी। […]

You May Like