अमित मालवीय ने अखिलेश यादव के दीपोत्सव वाले बयान पर साधा निशाना

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सूचना विभाग के प्रभारी अमित मालवीय ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के दीया और मोमबत्तियों (दीपोत्सव) पर पैसा खर्च करने पर सवाल उठाने वाले बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बयान न सिर्फ़ चौंकाने वाला है बल्कि हमारे त्यौहारों के प्रति संवेदनहीनता भी दिखाता है।

श्री मालवीय ने अपने एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा, “यह बयान अखिलेश यादव के असली चेहरे को बेनक़ाब करता है। उन्होंने कहा कि पीडीए की राजनीति करने वाले श्री यादव ने घोषणा की है कि जब उनकी सरकार आएगी, तब दीपावली पर दीपोत्सव बंद कर दिया जाएगा और उसकी जगह शहरों को बिजली से रोशन किया जाएगा।”

श्री मालवीय ने कहा कि सब जानते हैं कि इस “बिजली वाले रोशनी” के काम से किस क़ौम को ज़्यादा फ़ायदा होगा। उन्होंने कहा कि चाइनीज़ एलईडी लगाने से न सिर्फ़ देश के आत्मनिर्भर भारत अभियान को धक्का लगेगा, बल्कि हमारी परंपरा और संस्कृति पर भी आघात होगा।

श्री मालवीय ने कहा कि सबसे ज़्यादा नुकसान तो प्रजापति समाज को होगा – वही लोग जो मिट्टी के बर्तन, गमले और त्योहारों के समय दीपक बनाकर अपने परिवार का गुज़ारा करते हैं। उन्होंने कहा कि क्या सिर्फ़ कुछ वोटों के लालच में श्री यादव हिंदुओं की आस्था और कुम्हार समाज का इतना बड़ा अपमान करेंगे? उत्तर प्रदेश और ओबीसी समाज इस अपमान का जवाब ज़रूर देगा।

श्री मालवीय ने एक्स पर अपने एक दूसरे पोस्ट में कहा, “सपा प्रमुख ने कहा – पूरी दुनिया में क्रिसमस पर शहर रोशनी से जगमगाते हैं, हमें उनसे सीखना चाहिए। दीये और मोमबत्तियों पर पैसा खर्च करने का क्या मतलब? सरकार को हटाना चाहिए, हम और सुंदर लाइट्स लगाएंगे…।”

श्री मालवीय ने आगे लिखा कि दीवाली हमारे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रतीक है — यह सिर्फ़ रोशनी का त्यौहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश की विजय का संदेश देती है। दीये और मोमबत्तियाँ हमारी परंपरा का हिस्सा हैं, जिनमें घर-घर की भावना और श्रद्धा जुड़ी होती है। इन्हें “पैसे की बर्बादी” कहना न सिर्फ़ अनुचित है बल्कि हिन्दू आस्था का अपमान भी है। त्यौहारों की तुलना करने के बजाय, अखिलेश यादव को भारत की विविध परंपराओं का सम्मान करना चाहिए — यही सच्ची धर्मनिरपेक्षता है।

Next Post

एयर इंडिया ने इटली में फंसे भारतीयों को लाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की

Sun Oct 19 , 2025
नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) एयर इंडिया ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण 17 अक्टूबर को इटली के मिलान से दिल्ली आने वाले विमान के रद्द होने के कारण वहाँ फंसे लोगों को दिल्ली लाने के लिए कंपनी 19 अक्टूबर को एक अन्य विमान संचालित करेगी। उल्लेखनीय है कि […]

You May Like