
सिंगरौली। जिले में एनएसयूआई के छात्र-छात्राएं आज दिन गुरूवार को कलेक्ट्रोरेट का घेराव करने के लिए पहुंचे। इस प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के पास पहुंचे, कलेक्ट्रेट के भीतर प्रवेश करने लगे, पुलिस ने बाहर गेट में ही बेरीकेट लगाकर उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का सहारा लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों पर जैसे ही पानी की बौछार की गई, राजनीति गरमा गई। इस दौरान कांग्रेस के कई नेता भी शामिल नजर आए। हालात सामान्य होने पर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने अपनी 14 बिंदुओं को लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम सुरेश जादव को ज्ञापन सौंपा।
बता दे कि एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलेज के छात्रों की मांगों को सरकार नजरअंदाज कर रही है। आज सैकड़ो छात्र सड़क पर उतरे हैं। स्थानीय स्तर पर प्रदूषण, विस्थापन, बेरोजगारी और छात्र के हितों के लिए काम नहीं हो रहे हैं। ऊर्जाधानी में यह आंदोलन एक शुरुआत है। यदि छात्रों की मांगों को सरकार नहीं मानती तो ऊर्जाधानी के युवा इतना ताकत रखते हैं कि एक दिन एक साथ होकर सरकार को पलटने का काम करेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा 20 साल से सरकार चला रही है, लेकिन छात्र संघ चुनाव नहीं करा रही है।
