राहुल का अर्धशतक, भारत ने पूरी की जीत की औपचारिकता

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट में मंगलवार को सात विकेट से हराकर सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। पांचवें दिन के खेल में उन्हें जीत के लिए सिर्फ़ 58 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने केएल राहुल के अर्धशतक की मदद से पांचवें दिन एक घंटे के भीतर ही हासिल कर लिया।

हालांकि इस दौरान उन्हें अपने दो विकेट गंवाने पड़े। दिन की शुरूआत में राहुल और साई सुदर्शन (39) आराम से लक्ष्य की तरफ़ बढ़ रहे थे। राहुल ने दिन के पांचवें ओवर में जोमेल वारिकन की गेंद पर आगे निकलकर मिड ऑफ के ऊपर से चौका लगाया और दिन की पहली बाउंड्री अपने नाम की। इसके बाद उन्होंने खारी पिएर के ओवर में कदमों का इस्तेमाल कर छक्का और चौका भी हासिल किया।

वहीं सुदर्शन पूरी तरह शांत रहें और जब उन्होंने रॉस्टन चेज की एक फ़ुलर गेंद को ड्राइव लगाने की कोशिश की, तो गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया और स्लिप में शाई होप ने दायीं ओर डाइव लगाकर एक बेहतरीन कैच लपका।

इसके बाद आए भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने चेज को निशाना बनाते हुए कदमों का इस्तेमाल कर छक्का और चौका लगाया, लेकिन उसी ओवर में एक और छक्का मारने के चक्कर में गेंद को हवा में खेल बैठे और जस्टिन ग्रीव्स ने मिडविकेट से पीछे दौड़कर एक ख़ूबसूरत कैच अपने नाम किया।

हालांकि इसके बाद आए ध्रुव जुरेल ने कोई गलती नहीं की। इस बीच राहुल ने वारिकन की गेंद को फ़ाइन लेग की ओर दो रनों के लिए खेल अपना अर्धशतक पूरा किया और वारिकन के अगले ओवर में मिडविकेट पर चौका मारकर जीत की औपचारिकता पूरी की।

सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद भारतीय टीम सीमित ओवर सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी।

संक्षिप्त स्कोर :भारत 518/5 और 124/3 (राहुल 58, सुदर्शन 39, चेज 2-36) ने वेस्टइंडीज़ 248 और 390 (कैंपबेल 115, होप 103, ग्रीव्स 50, बुमराह 3-44, कुलदीप 3-104) को सात विकेट से हराया

 

Next Post

दुर्गेश पंवार हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोहित उर्फ बिट्टू गिरफ्तार

Tue Oct 14 , 2025
इंदौर:थाना जूनी इंदौर क्षेत्र के चर्चित दुर्गेश पंवार हत्याकांड के मुख्य आरोपी रोहित उर्फ बिट्टू पंवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का प्रयास किया, इस दौरान वह रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई. घायल आरोपी […]

You May Like