उज्जैन। अवैध शराब परिवहन मामले में फरार चल रहे शराब ठेकेदार घोटू जायसवाल के मकान का अवैध हिस्सा गुरुवार दोपहर नगर निगम टीम ने बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया। नगर निगम ने ठेकेदार के अन्य स्थान को भी चिन्हित किया है।
लंबे समय से शराब ठेकेदार रहे घोटू जायसवाल पर धार पुलिस ने फरवरी माह में अवैध शराब परिवहन का मामला दर्ज किया था। ट्रक में भरी शराब उज्जैन से आदिवासी क्षेत्र में ले जाई रही थी। इसके बाद से धार पुलिस द्वारा ठेकेदार जायसवाल की तलाश में लगातार उज्जैन पहुंचकर उसके ठिकानों पर दबिश दी जाती रही। अवैध शराब परिवहन का मामला प्रदेश स्तर तक पहुंचा था इसके बाद प्रशासन और नगर निगम ने ठेकेदार घोटू जायसवाल के अवैध निर्माण और कामों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया था।
गुरुवार दोपहर नगर निगम की टीम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ठेकेदार जायसवाल के महाश्वेता नगर स्थित मकान पर पहुंची और अवैध रूप से बनाए गए मकान का हिस्सा बुलडोजर से तोड़ दिया। इससे पहले नगर निगम की टीम शराब ठेकेदार के फ्रीगंज स्थित परिसर के ऊपरी हिस्से पर बने अवैध निर्माण को भी तोडऩे की कार्रवाई कर चुकी थी।