इंदौर: शहर में अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छत्रीपुरा पुलिस ने रविवार को तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 61 लीटर अवैध देशी शराब की 7 पेटियां, दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 26,530 नगद सहित करीब 5 लाख मूल्य का मशरुका बरामद किया.
यह कार्रवाई डीसीपी जोन-4 आनंद कलादगी के निर्देशन, एडिशनल डीसीपी जोन-4 दिशेष अग्रवाल और एसीपी सराफा हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि अर्जुनपुरा मल्टी के सामने खाली मैदान में कुछ युवक भारी मात्रा में शराब छिपाकर उसे अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी में हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों 31 वर्षीय दीपक पिता गोपाल राठौर निवासी डी-32 अर्जुनपुरा मल्टी, 19 वर्षीय तुषार पिता महेन्द्र आर्य निवासी डी-26 अर्जुनपुरा मल्टी, और 20 वर्षीय विवेक पिता महेन्द्र आर्य निवासी डी-26 अर्जुनपुरा मल्टी को गिरफ्तार किया. आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके.
