
रीवा। त्योहारों के सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रीवा परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रीवा के निर्देशन मे परिवहन सुरक्षा स्कवाड़ रीवा की टीम ने शुक्रवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया. जिसमें 14 यात्री बसों पर किराया सूची संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्यवाही की गई. इस कार्रवाई से यात्रियों को मनमाने किराए से बचाव करना है, जो त्योहारी भीड़ में आम समस्या बन चुकी है. परिवहन विभाग ने बताया कि त्योहारों के दौरान बस संचालकों द्वारा निर्धारित किराया दरों से अधिक वसूली और किराया सूची न चिपकाने की शिकायतें बढ़ रही थीं. विभाग ने इन उल्लंघनों को रोकने के लिए विशेष निगरानी बढ़ाई है. चेकिंग के दौरान कुल 25 से अधिक बसों का निरीक्षण किया गया. लेकिन 14 बसें ऐसी पाई गईं जिनमें किराया सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं की गई थी या यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया लिया जा रहा था. इन बसों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया गया. परिवहन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि आगामी दिनों में ऐसी चेकिंग और तेज की जाएगी. विभाग ने बस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि सभी यात्री वाहनों में किराया सूची प्रमुख स्थान पर चिपकाई जाए और निर्धारित दरों का ही पालन किया जाए. उल्लंघन पर चालान के साथ-साथ परमिट निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई की जा सकती है.
