
छतरपुर। लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ेरी निवासी जितेंद्र मिश्रा गुरुवार दोपहर लगभग 2 बजे सैकड़ों युवाओं के साथ छतरपुर भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंचकर युवाओं ने जमकर नारेबाज़ी की और भाजपा नेता कृष्णकांत गर्ग उर्फ पप्पू को संगठन की जिम्मेदारी से हटाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कृष्णकांत गर्ग पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मनमानी करते हैं और युवाओं की आवाज़ को दबाते हैं। जितेंद्र मिश्रा ने बताया कि वे लंबे समय से संगठन में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में आवाज़ उठा रहे हैं, लेकिन उनकी बातों को सुनने के बजाय नजरअंदाज़ किया गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
