
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सटई रोड स्थित कृषि उपज मंडी में गुरुवार दोपहर 12 बजे भारी संख्या में किसान खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। रबी सीजन की शुरुआत होते ही खाद के अभाव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसान जिला मुख्यालय तक आने को मजबूर हैं, लेकिन यहां भी उन्हें टोकन पाने के लिए कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
पनौठा गांव के किसान राघवेंद्र पटेल ने बताया, “हम 4-5 दिनों से भटक रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही। गांव में जो थोड़ी बहुत खाद मिल रही है, वह भी ब्लैक में बेची जा रही है। बहुत परेशानी हो रही है हमें।
किसानों का कहना है कि खेत बुवाई के लिए तैयार हैं, लेकिन खाद न मिलने से काम रुका पड़ा है। लाइन में खड़े कई किसानों ने प्रशासन से मांग की कि खाद वितरण व्यवस्था में सुधार किया जाए और ब्लैक मार्केटिंग पर तुरंत रोक लगाई जाए।
लंबी कतारों के बावजूद न तो मंडी में कोई उचित व्यवस्था दिखी और न ही किसानों की समस्याओं को सुनने के लिए कोई अधिकारी मौजूद रहा। लगातार बढ़ती खाद संकट की स्थिति ने किसानों की फसल और उम्मीद दोनों को खतरे में डाल दिया है।
