नर्मदापुरम। प्रूफ रेंज विस्तार के खिलाफ बुधवार को हजारों की संख्या में किसान, आदिवासी और आमजन सड़कों पर उतर आए। कलेक्ट्रेट के सामने हुए इस विशाल धरने में छिंदवाड़ा, बैतूल और रायसेन से भी लोग पहुंचे। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रूफ रेंज विस्तार विरोध संघर्ष समिति ने किया, जिसे किसान मजदूर परिषद, सतपुड़ा महिला संगठन और श्रमिक आदिवासी संगठन का समर्थन मिला।
वक्ताओं ने सांसद दर्शन चौधरी पर क्षेत्र की भावनाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। किसान नेता फागराम और कपिल खंडेलवाल ने कहा, सांसद ने जनता से पूछे बिना रक्षा मंत्री को विस्थापन का प्रस्ताव भेज दिया। महिलाओं ने गीतों के माध्यम से विरोध जताया। किसान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर कहा कि विस्थापन झेल चुके लोगों को फिर से उजाड़ना अन्याय है।
