
भोपाल। मुख्यमंत्री निवास के बाहर आत्मदाह की कोशिश करने वाले दंपतियों पर श्यामलाहिल्स थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है. मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवकीनंदन सोनी और उनकी पत्नी पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दंपति पर दर्ज किया. सोमवार को दंपति ने ज्वलनशील पदार्थ अपने शरीर पर डाल कर आत्मदाह की कोशिश की थी. मौके पर मौजूदा सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते उन्हें रोक लिया था. दंपतियों ने आत्मदाह का कारण भी पुलिस अधिकारियों को बताया था. हालांकि परेशान दंपति के मामले की जांच भी पुलिस अधिकारियों की देखरेख में हो रही है.
देवकीनंदन ने एक दिन पूर्व ही पुलिस अधिकारियों को बताया कि उन्होंने अपनी दुकान से जुड़े एक विवाद को सुलझाने के लिए गुना पुलिस में आवेदन दिया था. उन्होंने अधिकारियों को बताया कि दुकान के विवाद की घटना पर गुना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की. इसके साथ ही थाना प्रभारी के व्यवहार को लेकर भी उनका परिवार परेशान हैं. सोनी ने आरोप लगाया है कि गुना पुलिस ने दोनों को एक झूठे मामले में भी फंसाया है. इस परेशानी के चलते जब कोई भी उनकी परेशानी सुनने वाला नहीं मिला, तो वह मुख्यमंत्री के पास आकर अपनी बात रखना चाहते थे. मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो पाने के चलते उन्होंने यह कदम अपनी पत्नी के साथ उठाया था.
