
सीधी।जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने ग्राम बघवारी, छिरौंही एवं खिरखोरी के ग्रामवासियों के साथ प्रस्तावित कॉपर ब्लॉक सर्वे एवं संभावित भूमि अधिग्रहण को लेकर गहन चर्चा की। उक्त समस्या को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाध्यक्ष के निज निवास ज्ञान विला बघवारी पहुंचे थे।
बैठक में ग्रामवासियों ने एक स्वर में कहा कि वे अपने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह अधिग्रहण उनकी आजीविका और अस्तित्व पर सीधा प्रहार है,साथ ही आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर संकट खड़ा करेगा। इसलिए वे लोकतांत्रिक तरीके से इसका पुरजोर विरोध करेंगे।
चर्चा के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने ग्रामीणों की एकजुटता और जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि आप सबकी एकता ही हमारी ताकत है। कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर इस मुद्दे को उठाएगी। आपके हितों की रक्षा के लिए यदि आंदोलन की आवश्यकता पड़ी, तो कांग्रेस पार्टी इसके लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आपकी आवाज़ को हर मंच पर बुलंद करेगी और किसी भी सूरत में ग्रामीणों के अधिकारों का हनन नहीं होने देगी। ज्ञान सिंह ने आगे कहा कि जनता की अनुमति और हितों की अनदेखी कर किसी भी परियोजना को थोपने का प्रयास लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। कांग्रेस हर स्तर पर इस मुद्दे को उठाएगी और ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।जनता की ज़मीन जनता की ही रहेगी।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि हर नागरिक को कॉपर ब्लॉक अधिग्रहण के संभावित प्रभावों की जानकारी दी जा सके और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सामूहिक संघर्ष को मजबूत किया जा सके।
