ग्वालियर: पुलिस ने आठ महीने पुराने हत्या के मामले में सफलता हासिल की है. ग्वालियन जिले के तिघरा थाना पुलिस ने पेड़ काटने के विवाद में हत्या कर फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन दोनों आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा दो-दो हजार रुपये का इनाम घोषित था. इस प्रकरण में पहले ही तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपी ऑफिसर उर्फ छोटू गुर्जर अपने साथी मोनू के साथ ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में देखा गया है. सूचना मिलते ही तिघरा थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी ऑफिसर उर्फ छोटू गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया. इसी दौरान पुलिस को खबर मिली कि दूसरा फरार आरोपी रामखिलाड़ी उर्फ कारू गुर्जर कुलैथ चौराहे के पास कहीं जाने की फिराक में है.
पुलिस ने तुरंत दबिश दी और उसे भी धर दबोचा. तिघरा थाना क्षेत्र में पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में फरियादी वीरेंद्र गुर्जर के पिता रणवीर गुर्जर पर पांच आरोपियों उम्मेद, रामू, छोटू, कृष्ण और रामखिलाड़ी गुर्जर ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था. हमले में रणवीर गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी.
