कर्पूरी ठाकुर के ‘जननायक’ खिताब की चोरी कर रहे नेताओं से सजग रहें बिहार के लोग :मोदी

नयी दिल्ली, 4 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कुछ नेता अपने को ‘जननायक’ के रूप में प्रस्तुत कर जननायक के उस खिताब की चोरी करना चाहते हैं जिसे जनता ने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को दिया था।
श्री मोदी ने यहां विज्ञान भवन में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में बिहार के युवाओं के लिए कई नयी परियोजनाओं की घोषणा की जिनमें राज्य में एक नये कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना भी शामिल है जिसका नाम ‘जननायक’ के नाम से विख्यात बिहार के पूर्व मुख्यंत्री कर्पूरी ठाकुर के नाम पर होगा1
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ बिहार को एक नई स्किल यूनिवर्सिटी मिली है। नीतीश जी की सरकार ने इस यूनिवर्सिटी का नाम भारत रत्न, जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के नाम पर रखा है। और कर्पूरी ठाकुर जी को जननायक ये सोशल मीडिया की ट्रोल करने वाली टीम ने नहीं बनाया, कर्पूरी ठाकुर को जननायक, बिहार के जन-जन ने बनाया और उनके जीवन को देखकर के बनाया था।” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नितीश कुमार भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।
श्री मोदी का निशाना विपक्षी महागठबंधन के नेताओं पर था जो ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए बिहार में राजनीति रैलिया कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “…. और मैं तो बिहार के लोगों को कहूंगा, जरा चोकन्ने रहिए, ये जननायक पद कर्पूरी ठाकुर से ही है, आजकल लोग ये जननायक की भी चोरी करने में लगे हैं, और इसलिए बिहार के लोगों से मैं जागृत रहने का आग्रह करूंगा, कि हमारे कर्पूरी ठाकुर साहब का यह जनता द्वारा दिया गया सम्मान कोई चोरी न कर जाए।”
उन्होंने कहा कि भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर ने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा और शिक्षा के विस्तार में लगाया। उन्होंने हमेशा इस बात पर ज़ोर दिया कि समाज का सबसे कमजोर व्यक्ति भी आगे बढ़े। उनके नाम पर बनने वाली ये स्किल यूनिवर्सिटी, उसी सपने को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
श्री मोदी ने बिहार में पहले शिक्षा व्यवस्था को कथित रूप से चौपट करने के लिए भी आज के विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘ दो-ढाई दशक पहले बिहार में शिक्षा व्यवस्था किस तरह तबाह थी। ईमानदारी से न स्कूल खुलते थे, न भर्तियां होती थीं। कौन मां-बाप नहीं चाहता कि उसका बच्चा यहीं पढ़े और यहीं आगे बढ़े। लेकिन मजबूरी में लाखों बच्चों को बिहार छोड़कर बनारस, दिल्ली, मुंबई जाना पड़ा। यही पलायन की असली शुरुआत थी।”
श्री मोदी ने आईटीआई दीक्षांत समारोह में 60 हजार करोड़ रुपये की पीएम सेतु स्कीम तथा देशभर में नवोदय विद्यालयों और एकलव्य मॉडल स्कूलों में 1200 स्किल लैब्स का भी आज उद्घाटन किया।

Next Post

भ्रष्टाचार से तंग आकर देश से भाग रहीं हैं कंपनियां : कांग्रेस

Sat Oct 4 , 2025
नयी दिल्ली, 04 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ गया है कि रिश्वत देते-देते परेशान हो चुकी बड़ी कंपनियां देश में कारोबार बंद करने पर विवश हो रही हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर एक […]

You May Like