
नीमच। नीमच के जवाहर नगर में 27 वर्षीय युवक अमर चावला ने कर्ज से परेशान होकर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना मंगलवार सुबह की है। मृतक अमर अपने 6 वर्षीय बेटे को स्कूल छोडक़र आया था, जिसके बाद उसने घर की छत पर जाकर यह कदम उठाया। कुछ देर बाद, उसकी माताजी ने उसे फांसी पर लटका देखा।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमर अपने भाई के कर्ज से बुरी तरह परेशान था। कुछ लोग लगातार पैसों के लिए उसे तंग कर रहे थे, जिसके कारण वह भारी मानसिक दबाव में था।
सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। शनिवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कैंट थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के कर्ज से परेशान होने की बात सामने आई है। हालांकि, कर्ज की राशि और यह कर्ज मृतक पर था या उसके भाई पर, यह अभी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि परिजन अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
