टीसीएस, सी-डॉट , तेजस नेटवर्क्स ने खड़ा किया बीएसएनएल का एकीकृत स्वदेशी 4जी नेटवर्क स्टैक

मुंबई, 27 सितंबर (वार्ता) भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) , सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) और तेजस नेटवर्क्स लिमिटेड के साथ मिल कर भारत टेलीकॉम स्टैक नाम से 4जी मोबाइल दूरसंचार नेटवर्क प्रौद्योगिकी का अनावरण किया जो पूरी तरह से भारत में डिज़ाइन और विकसित एक आधुनिक, सुरक्षित समाधान है।
टाटा कंसल्टेसी ने यहां एक बयान में कहा कि इस शुभारंभ के साथ, भारत दुनिया का पाँचवाँ देश बन गया है जो 4जी और उससे आगे के लिए एक आत्मनिर्भर, स्वदेशी दूरसंचार प्रौद्योगिकी स्टैक विकसित किया है।
टीसीएस ने कहा है कि उसने युद्धस्तर पर काम कर के डेटा सेंटर स्थापित किया। कंपनी ने सी-डॉट के ईपीसी कोर एप्लिकेशन, तेजस के बेस स्टेशन और 1,00,000 से अधिक साइटों पर रेडियो इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित और चालू करके और सातों दिन चौबीसो घंटे नेटवर्क प्रबंधन के लिए अपने कॉग्निटिव नेटवर्क परिचालन प्लेटफार्म-टीसीएस सीएनओपीएसटीएम का उपयोग कर इस सफलता में अग्रणी भूमिका निभायी है।
कंपनी ने कहा है कि इस परियोजना का संचालन टीसीएस, बीएसएनएल, दूरसंचार विभाग, सक्रिय मैकिन्से एंड कंपनी, सी-डॉट, तेजस, आई एंड सी पार्टनर्स आदि द्वारा ‘मिशन-मोड’ में किया जा रहा है।
यह काम दो वर्ष के भीतर पूरा हुआ। यह बीएसएनएल के मौजूदा 2जी/3जी नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ पूर्ण एकीकरण के साथ सबसे तेज़ 4जी नेटवर्क परिनियोजनों में से एक बन गया है।
बीएसएनएल के सीएमडी ए रॉबर्ट जे रवि ने कहा, “आज हम राष्ट्रीय गौरव की एक ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं। टीसीएस, तेजस नेटवर्क्स और सी-डॉट के सहयोग से निर्मित हमारे स्वदेशी 4जी नेटवर्क का राष्ट्रव्यापी प्रसार, आत्मनिर्भर भारत की एक शानदार घोषणा है। टीम बीएसएनएल के अथक समर्पण से जीवंत यह ‘मेड इन भारत’ स्टैक हमारे डिजिटल भविष्य को सुरक्षित करता है और यह सुनिश्चित करता है कि कनेक्टिविटी के फल प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाएँ, और डिजिटल विभाजन को पहले से कहीं अधिक कम करें।”
बीएसएनएल के निदेशक (उपभोक्ता गतिशीलता – सीएम) संदीप गोविल ने कहा, “हमारे ग्राहक अब कनेक्टिविटी के एक नए मानक का अनुभव करेंगे, जो एक ऐसे नेटवर्क द्वारा संचालित होगा जो वास्तव में हमारा अपना है। यह एक डिजिटल रूप से समावेशी समाज के निर्माण की आधारशिला है, जो 5जी और उससे आगे बढ़ने के लिए तैयार है, यह सुनिश्चित करते हुए कि भारत की विकास गाथा संप्रभु, स्वदेशी तकनीक द्वारा संचालित हो।”
टीसीएस में दूरसंचार रणनीतिक पहल के सलाहकार और तेजस नेटवर्क्स के अध्यक्ष एन गणपति सुब्रमण्यम ने कहा, “हमें गर्व है कि हमने भारत को उन गिने-चुने देशों की सूची में शामिल कर दिया है । 3जीपीपी मानकों के अनुपालन में निर्मित यह स्टैक मानकों में भारत के आगे के योगदान की नींव रखता है।”

Next Post

अब्दुर रज्जाक ने बीसीबी की चयन समिति से दिया इस्तीफा

Sat Sep 27 , 2025
ढाका, 27 सितंबर (वार्ता) पूर्व राष्ट्रीय बाएं हाथ के स्पिनर अब्दुर रज्जाक ने शनिवार को छह अक्टूबर को होने वाले बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के चुनाव में शामिल होने के लिए चयन समिति से इस्तीफा दे दिया है। रज्जाक ने श्रेणी 1 से नामांकन पत्र जमा करने के बाद क्रिकबज […]

You May Like