
जबलपुर। मनरेगा अभियंता संघ ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम कलेक्टर के द्वारा जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत को 8 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा। मनरेगा अभियंता संघ ने बताया कि प्रतिनिधि मंडल की पंचायत मंत्री, अपर मुख्य सचिव, कमिश्नर से 8 सूत्रीय मांगों को अगगत कराया एवं निराकरण के लिए बिंदुवार चर्चा हुई थी। जिसमें मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मीटिंग में मनरेगा अभियंताओं की मांगों की पूर्ति के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही मनरेगा अभियंता संघ मध्यप्रदेश के प्रतिनिधि मंडल को मंत्री से मुलाकात में हुई चर्चा में बताया गया कि वरिष्ठ अधिकारियों को मनरेगा अभियंताओं की समस्याओं के शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दे दिए हैं। लेकिन मंत्री के बार बार निर्देश देने बाद भी प्रदेश स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मनरेगा अभियंताओं की मांगों के संबंध में ना ही कोई निराकरण किया जा रहा, ना ही आदेश जारी किए जा रहे। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आदेश जारी करने के आश्वासन देकर केवल बात को टाला जा रहा है। साथ ही विगत 3 माह से मनरेगा अभियंताओ को वेतन भी नहीं दिया गया। इस से प्रदेश के मनरेगा के 1335 उपयंत्री मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ित महसूस कर रहे है। संघ ने मांग की है कि प्रदेश के 1335 अभियंताओं की 8 सूत्रीय मांगों पर विचार करते हुए शीघ्र निराकरण किया जाए।
