भारत ए को जीत के लिए चाहिए 243 रन

लखनऊ 25 सितंबर (वार्ता) के एल राहुल (रिटायर्ड हर्ट 74 ) और साई सुदर्शन (नाबाद 44) की जूझारु पारियों के दम पर भारत ए ने गुरुवार को दूसरे अनाधिकृत टेस्ट के तीसरे दिन खेल समाप्त होने के समय दो विकेट पर 169 रन बना लिये है और अभी उसे जीत के लिए 243 रनों की जरुरत है।

ऑस्ट्रेलिया ए ने कल के तीन विकेट पर 16 रन से आगे खेलना शुरु किया और उसकी दूसरी पारी 185 रन पर समाप्त हुई। आज सुबह के सत्र में ऑस्ट्रेलिया ने अपना चौथा विकेट स्कोर में महज एक रन जोड़ कर गंवा दिया। कूपर कॉनली (एक) को मोहम्मद सिराज ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद जॉश फिलिपे ने कैंपबेल केलावे के साथ पांचवें विकेट के लिए 90 रन जोड़े। मानव सुथार ने जॉश फिलिपे (50) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके। जेक एडवर्ड्स (10) और विल सदरलैंड (शून्य) को गुरनूर बरार ने एक ही ओवर में आउट कर पवेलियन भेज दिया। हालांकि इस दौरान कैंपबेल केलावे एक छोर थामे रन बनाते रहे। टॉड मर्फी (12), कोरी रॉकीचॉली (11) रन बनाकर आउट हुये। 47वें ओवर की पांचवीं गेंद पर यश ठाकुर ने हेनरी थॉर्नटन (शून्य) को आउटकर 185 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ए की दूसरी पारी को समेट दिया। कैंपबेल केलावे 149 गेंदों में 85 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत को जीत के लिए 412 रनों का लक्ष्य मिला।

भारत ए की ओर से गुरनूर बरार और मानव सुथार ने तीन-तीन विकेट लिये। मोहम्मद सिराज और यश ठाकुर को दो-दो विकेट मिले।

412 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए के लिए नारायण जगदीशन और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। टॉड मर्फी ने 18वें ओवर में नारायण जगदीशन (36) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये साई सुदर्शन ने के एल राहुल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। इसी दौरान केएल राहुल 74 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गये। 36वें ओवर में देवदत्त पड़िक्कल (पांच) को टॉड मर्फी ने बोल्ड आउट कर भारत का दूसरा झटका दिया। स्टंप के समय भारत ए ने दो विकेट पर 169 रन बना लिये है। साई सुदर्शन नाबाद 44 और मानव सुथार नाबाद (एक) क्रीज पर मौजूद थे। भारत ए को जीत के लिए अभी 243 रन बनाने है और उसके पास आठ विकेट शेष है।

 

 

Next Post

जमाल हुसैन चार शॉट की बढ़त के साथ प्रबल दावेदार बने

Thu Sep 25 , 2025
हैदराबाद, 25 सितंबर (वार्ता) बांग्लादेश के जमाल हुसैन ने तीसरे राउंड में दबदबा बनाते हुए चार शॉट की बढ़त बना ली और हैदराबाद गोल्फ एसोसिएशन में खेले जा रहे एनएसएल लक्स प्रेज़ेंट्स तेलंगाना गोलकोंडा मास्टर्स 2025, जो एक करोड़ रुपये का इवेंट है, में खिताब के प्रबल दावेदार बन गए। […]

You May Like