वेनेजुएला के जुलिया प्रांत में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके कई राज्यों सहित पड़ोसी देश कोलंबिया तक महसूस किए गए। लोग डर के कारण अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
वेनेजुएला के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बुधवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता 6.2 दर्ज की गई, और इसका केंद्र ज़ुलिया प्रांत के मेने ग्रांडे कस्बे से लगभग 24 किलोमीटर दूर था। राजधानी काराकस से यह जगह करीब 600 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
भूकंप की गहराई केवल 7.8 किलोमीटर थी, जिससे कंपन का असर कई राज्यों में महसूस हुआ। झटके पड़ोसी देश कोलंबिया तक भी पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत घरों और कार्यालयों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। फिलहाल, दोनों देशों से किसी तरह के बड़े नुकसान या हताहत होने की खबर नहीं है।
