पीआईएस सुरजीत अकादमी ने सेमीफाइनल लाइनअप पूरा किया

जालंधर, (वार्ता) पीआईएस सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर ने ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए अंतिम लीग मुकाबले में नामधारी हॉकी अकादमी को 6-1 से हराकर पंजाब हॉकी लीग (अंडर-21) के दूसरे संस्करण का आखिरी सेमीफाइनल स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ पीआईएस ने 22 अंकों के साथ चौथा और अंतिम स्थान सुनिश्चित किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। उनके साथ सेमीफाइनल में पहुंची अन्य तीन टीमें हैं-एसएआई एनसीओई, सोनीपत (39 अंकों के साथ पहले स्थान पर), राउंडग्लास हॉकी अकादमी (35 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर) और नेवल टाटा हॉकी अकादमी (27 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर)।

सेमीफाइनल में, लीग टॉपर एसएआई एनसीओई सोनीपत का मुकाबला चौथे स्थान पर रही पीआईएस सुरजीत अकादमी से होगा। इसके बाद दूसरा सेमीफाइनल राउंडग्लास हॉकी अकादमी और नेवल टाटा हॉकी अकादमी के बीच खेला जाएगा।

लीग चरण के अंतिम मैच में, पीआईएस सुरजीत हॉकी अकादमी ने तीसरे मिनट में मनरूप सिंह के गोल से खाता खोला। नामधारी हॉकी अकादमी के गोबिंद पटेल ने 20वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। हालांकि, दूसरे क्वार्टर के अंत में चरनजीत सिंह ने पीआईएस को फिर बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में करण सिंह ने दो गोल दागे जबकि जशनप्रीत सिंह और नवदीर कुमार ने एक-एक गोल कर 6-1 की बड़ी जीत सुनिश्चित की और टीम को पूरे तीन अंक दिलाए।

इससे पहले दिन के दूसरे मुकाबले में, राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने सबसे नीचे रही घुमनहेड़ा राइजर्स हॉकी अकादमी को 10-1 से हराकर अपने लीग अभियान का शानदार समापन किया। इंदरजीत सिंह ने हैट्रिक बनाई, वहीं कप्तान गुरसेवक सिंह, सुखप्रीत सिंह, अमनदीप, प्रिंस सिंह, गुरविंदर सिंह, जापनीत सिंह और वरिंदर सिंह ने भी गोल किए। घुमनहेड़ा की ओर से एकमात्र गोल निकिल ने किया। घुमनहेड़ा टीम ने 14 में से केवल एक मैच जीतकर आठवां स्थान हासिल किया।

एसएआई एनसीओई सोनीपत, जिसने पहले ही शीर्ष स्थान सुनिश्चित कर लिया था, ने एसजीपीसी हॉकी अकादमी को 1-0 से हराकर अपना प्रदर्शन बरकरार रखा। कप्तान मनु मलिक ने पहले क्वार्टर के अंतिम क्षणों में गोल कर जीत दिलाई। एसजीपीसी ने 16 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

दिन के शुरुआती मुकाबले में, नेवल टाटा हॉकी अकादमी ने एसडीएटी हॉकी अकादमी को 4-1 से हराकर तालिका में तीसरा स्थान सुरक्षित किया। जमशेदपुर की ओर से अनीश डुंगडुंग ने दो गोल किए, जबकि टिंटस हेमरोम और अफरीदी ने एक-एक गोल जोड़े। एसडीएटी की ओर से वी. मणिमरण ने सांत्वना गोल किया। एसडीएटी ने 13 अंकों के साथ छठा स्थान हासिल किया, नामधारी हॉकी अकादमी से आगे केवल गोल स्कोर (एसडीएटी – 25 बनाम नामधारी – 18) के आधार पर।

कल विश्राम दिवस के बाद, सेमीफाइनल मुकाबले शुक्रवार (26 सितंबर, 2025) को खेले जाएंगे।

 

Next Post

महाराष्ट्र: उपमुख्यमंत्री शिंदे ने बाढ़ प्रभावित करंजा का किया दौरा

Thu Sep 25 , 2025
धाराशिव, (वार्ता) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज भारी बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए परंदा तालुका के करंजा गांव की बाढ़ प्रभावित शिंदे और कार्ले बस्तियों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से बातचीत कर उनकी कठिनाइयों को समझा और उन्हें तत्काल और दीर्घकालिक […]

You May Like