अबू धाबी 22 सितंबर (वार्ता) एशिया कप 2025 में सुपर-4 चरण में मंगलवार को पाकिस्तान और श्रीलंका जीत हासिल कर टूर्नामेंट में वापसी करने और फाइनल के लिए अपना दावा भी पेश करने के लिए मैदान में उतरेंगी।
पाकिस्तान, जो इस मैदान पर पिछले छह मैच जीतकर, जिनमें श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच भी शामिल हैं, लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, के लिए चुनौती अपनी लय को जारी रखने की है। वहीं श्रीलंका के लिए यह केवल विरोधी टीम के खिलाफ ही नहीं, बल्कि अबू धाबी में पिछले पांच मैच हार चुकी निराशाजनक यादों के सिलसिले के खिलाफ भी एक जंग है। श्रीलंका को बंगलादेश के हाथों हार नसीब हुई जबकि पाकिस्तान को टूर्नामेंट में दूसरी बार भारत से हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका सुपर-4 चरण में जीत की हैट्रिक लगाकर पहुंची थी, ऐसे में बंगलादेश के खिलाफ मिली हार से सबक लेकर श्रीलंका की टीम वापस जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।
पाकिस्तान को अब तक इस टूर्नामेंट में दो हार नसीब हुई है और दोनों ही बार उसे भारत ने हराया है। श्रीलंका की टीम मजबूत नजर आ रही है। इस समय पाकिस्तान के बल्लेबाज और गेंदबाज अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं हैं। प्रमख तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का गेंद के साथ प्रदर्शन पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
पथुम निसंका ने इस टूर्नामेंट में अब तक श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 136 रन बनाए हैं जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। इस टूर्नामेंट में कम से कम 100 रन बनाने वाले बल्लेबाजो में सिर्फ अभिषेक शर्मा और मोहम्मद नबी का स्ट्राइक रेट ही निसंका से अधिक है। अभिषेक ने जहां 208.43 के स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए हैं, वहीं नबी ने 171.42 के स्ट्राइक रेट से 108 रन बनाए हैं। वहीं निसंका के बल्ले से 136 रन 148.97 के स्ट्राइक रेट से निकले हैं।
शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को अक्सर सफलता मिली है पिछले 20 मैचों में से 13 में जीत हासिल की है। हालांकि मुकाबला कांटे का होने की उम्मीद है, लेकिन पलड़ा पाकिस्तान के पक्ष में थोड़ा झुका हुआ है। हालांकि श्रीलंका एक ऐसे मुकाबले में इतिहास पलटने की कोशिश करेगा।
अगले मुकाबले के लिए पाकिस्तान की संभावित एकादश: सलमान आगा (कप्तान), सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, फखर जमान, हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद।

