निजी हास्पिटल ने भुगतान की मांग को लेकर शव देने से किया इंकार

सतना :उपचार के दौरान मरीज की मौत हो जाने के बाद निजी हास्पिटल प्रबंधन ने शव को यह कहते हुए परिजनों को देने से इंकार कर दिया कि पहले 25 हजार रु का भुगतान किया जाए. वहीं आयुष्मान कार्ड के बावजूद भी पैसों की अवैध वसूली को लेकर परिजनों द्वारा शिकायत की गई. मामले के तूल पकडऩे और एसडीएम की ताकीद के बाद हास्पिटल प्रबंधन द्वारा मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार तुलसी दास कोल पिता भूरे लाल निवासी ग्राम शिवसागर की तबियत बिगडऩे पर परिजनों द्वारा उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था. चूंकि मरीज गैस्ट्रोइंटरेरोलॉजी से संबंधित समस्या से जूझ रहा था. लिहाजा जिला अस्पताल से रेफर कराकर उसे शहर के दिवित हार्ट एण्ड मल्टीस्पेश्लिटी हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया. यह बात और है कि उक्त निजी हास्पिटल में भी गैस्ट्रेइंटेरोलॉजी विभाग का कोई विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं था.

निजी हास्पिटल में उपचार के दौरान मरीज की मौत हो गई. लेकिन जब मृतक के परिजन को शव को ले जाने लगे तो हास्पिटल प्रबंधन ने यह कहते हुए इंकार कर दिया कि उनका 25 हजार रु का भुगतान शेष है. जिसे जमा करने के बाद ही शव को ले जाया जा सकेगा. यह सुनते ही परिजन हैरान हो गए और उन्होंने दलील दी कि भर्ती होने से पहले आयुष्मान कार्ड के जरिए उपचार होने की बात हुई थी.

अब अचानक पैसों की मांग कहां से शुरु हो गई. लेकिन इसके बावजूद भी हास्पिटल प्रबंधन पैसों की मांग पर अड़ा रहा. जिसे देखते हुए मृतक के परिजन कोलगवां थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की. इसी कड़ी में मामला एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिय़ा के संज्ञान में भी आया. एसडीएम द्वारा फोन पर हास्पिटल प्रबंधन को कड़ी ताकीद किए जाने का असर यह हुआ कि फौरन ही शव को ले जाने दिया गया.
हास्पिटल प्रबंधन ने किया इंकार
मृतक मरीज के परिजनों द्वारा भुगतान की मांग को लेकर शव नहीं दिए जाने के लगाए गए आरोपों को हास्पिटल प्रबंधन द्वारा झूठा बताया गया. परिजनों के आरोपों को निराधार बताते हुए हास्पिटल के संचालक डॉ. ललन सिंह ने बताया कि मरीज के भर्ती होने पर, उपचार के दौरान और मौत हो जाने पर उनसे कोई पैसा नहीं लिया गया. यहां तक कि मरीज के ऑपरेशन और रक्त की व्यवस्था भी हास्पिटल प्रबंधन द्वारा ही की गई थी. डॉ. सिंह के अनुसार परिजन स्वेच्छा से रात में सो रहे थे, उन्हें किसी तरह के भुगतान के लिए मजबूर नहीं किया गया

Next Post

कुएं में उतराता मिला लापता युवती का शव

Sat Sep 20 , 2025
सतना: जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत महापार गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब कुएं में एक युवती का शव उतराता देखा गया. युवती पिछले 2 दिन से लापता थी, जिसकी शिकायत परिजनों द्वारा थाने में की जा चुकी थी. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर […]

You May Like

मनोरंजन