डबलिन (मैलाहाइड) 17 सितंबर (वार्ता) हैरी टेक्टर (नाबाद 61) और लोर्कान टकर (55 ) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत आयरलैंड ने पहले टी-20 मुकाबले में बुधवार को इंग्लैंड को जीतने के लिए 197 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड के लिए कप्तान पॉल स्टर्लिंग और रॉस ऐडेर की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े। आठवें ओवर में लियम डॉसन ने रॉस ऐडेर (26) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में आदिल रशीद ने पॉल स्टर्लिंग 22 गेंदों में (34) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद हैरी टेक्टर और लोर्कान टकर ने तीसरे विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी कर आयरलैंड के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी।
20वें ओवर की पांचवी गेंद पर जेमी ओवर्टन ने लोर्कान टकर को आउट किया। लोर्कान टकर ने 36 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाते हुए 55 रन बनाये। पारी की आखिर गेंद पर बल्लेबाजी करने आये जॉर्ज डॉकरेल ने छक्का लगाकर स्कोर को तीन विकेट पर 196 रन पहुंचा दिया। हैरी टेक्टर ने 36 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 61) रनों की पारी खेली।
इंग्लैंड के लिए लियम डॉसन ,आदिल रशीद और जेमी ओवर्टन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

