धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भैंसोला में पीएम मित्रा पार्क के भूमि पूजन एवं स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के शुभारंभ समारोह में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वास्तव में मोदी है तो मुमकिन है करके दिखाया है। उनके नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं और देश की तस्वीर बदल दी।
डॉ. यादव ने कहा कि आधुनिक भारत के शिल्पकार और ग्लोबल लीडर प्रधानमंत्री का आदिवासी अंचल में जन्मदिवस मनाना हम सबके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने प्रधानमंत्री को मध्यप्रदेश की 9 करोड़ जनता की ओर से दीर्घायु और निरोग रहने की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से निमाड़ और मालवा अंचल को बड़ा बाजार मिलेगा। कपास से धागा, कपड़े और फिर निर्यात तक की श्रृंखला से प्रदेश को वैश्विक पहचान मिल रही है। मोदी के नेतृत्व में देश ने रक्षा, सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और आर्थिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयां पाईं, वहीं अयोध्या में रामलला मंदिर, कश्मीर में सबसे ऊंचा ब्रिज, मिजोरम तक ट्रेन और यूपीआई जैसी उपलब्धियां देश की प्रगति का प्रमाण हैं।
समारोह में उमड़ी भीड़ ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और ऐतिहासिक पल का साक्षी बनी।
