इंदौर. सोमवार शाम एयरपोर्ट रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर लोगों और वाहनों को रौंदता चला गया. पुलिस के मुताबिक हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और एक घायल को जिला अस्पताल तथा तीन से चार घायलों को अन्य अस्पतालों में भर्ती किया हैं. वहीं मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि मरने वालों की संख्या और अधिक हो सकती है. प्रत्यक्षदर्शी राजीव शर्मा ने बताया कि हादसे की शुरुआत रामचंद्र नगर चौराहे से हुई, वहीं अन्य लोगों ने बताया कि ट्रक ने यहां दो बाइक सवारों को कुचला. दोनों बाइक ट्रक के नीचे फंस गईं और घिसटती रहीं. इसके बाद ट्रक ने कई राहगीरों को टक्कर मारी और बड़ा गणपति की ओर भागा. करीब एक किलोमीटर तक ट्रक के सामने जो भी लोग आए उन्हें कुचलता हुआ आगे बढ़ता रहा. ट्रक नम्बर एमपी 09 जेडपी 4069 में अचानक आग लग गई. पहले खबर आई थी कि गुस्साई भीड़ ने ट्रक को जला दिया, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक के फंसने से चिंगारियां उठीं और ब्लास्ट के बाद आग भड़क गई. राजीव शर्मा ने बताया, संभवतः ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे और ड्राइवर नशे में था. उसके टायर से आग की लपटें उठीं और फिर वह जिसे भी सामने आया, उसे रौंदता चला गया. वहीं एक अन्य सुभाष का कहना है कि हादसे में उनके जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उनके दोनों पैर कट गए, एक पैर मेरे ऊपर आकर गिरा. वहीं प्रदीप देवलिया का कहना है कि ट्रक विद्या पैलेस से ही तेज रफ्तार में आ रहा था और कई लोगों को उड़ा चुका था. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस ने घायलों को जिला अस्पताल और एमवाय हॉस्पिटल पहुंचाया. वहीं जिला अस्पताल सूत्रों ने दावा किया है कि यहां पर दो शव लाए गए हैं. वहीं एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई. मामले में डीसीपी जोन 1 कृष्णा लालचंदानी ने नव भारत को बताया कि ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में था और कालानी नगर से ही लोगों को टक्कर मारता आ रहा था. हादसे के बाद उसे पकड़कर मल्हारगंज थाने भेजा है, पुलिस उसका मेडिकल परीक्षण की तैयारी कर रही है, वहीं ट्रक जब्त कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है.
Next Post
इंजीनियरों की मेहनत, रचनात्मकता पर टिका है देश का भविष्य : रेखा गुप्ता
Mon Sep 15 , 2025
नयी दिल्ली, 15 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि दिल्ली और देश का भविष्य हमारे इंजीनियर्स की मेहनत, रचनात्मकता और प्रतिबद्धता पर टिका है। श्रीमती गुप्ता ने दिल्ली इंजीनियर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इंजीनियर्स डे कार्यक्रम में आज यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के […]

You May Like
-
4 months ago
अक्षित ने अकेले दम पर दिल्ली को जिताया
-
3 weeks ago
जमीनी विवाद में दबंगों ने ठेकेदार को मारी गोली
-
3 months ago
हत्या करने के इरादे से युवक पर बका से हमला