
शहडोल। संभागीय मुख्यालय की सबसे व्यस्त सब्जी मंडी में फैली गंदगी, अव्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर शनिवार सुबह जयसिंहनगर की भाजपा विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता प्रकाश जगवानी, पार्षद सिल्ली रजक समेत नगर पालिका का अमला मौजूद रहा। निरीक्षण में विधायक ने देखा कि मंडी परिसर के भीतर जगह-जगह ठेले खड़े हैं और अवैध कब्जों ने हालात बिगाड़ दिए हैं, जिससे राहगीरों और खरीदारों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने तुरंत नगर पालिका टीम को आदेश दिया कि अवैध ठेला और अतिक्रमण हटाकर मंडी को व्यवस्थित किया जाए।
नालियों की बदहाली पर नाराजगी
मंडी परिसर में फैले कचरे और बजबजाती नालियों ने विधायक का ध्यान खींचा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर पालिका की लापरवाही अब और बर्दाश्त नहीं होगी। बरसात के दिनों में जलभराव से लोगों को होने वाली परेशानी पर उन्होंने कड़े शब्दों में नाराजगी जताई और अधिकारियों को तुरंत सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
