सिंगरौली: स्थानीय सत्या इंटरनेशनल होटल में नेक्स्टजेन-जीएसटी और स्वदेशी वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना रहा। इसमें सिंगरौली व बैढ़न के व्यापारी, चेम्बर ऑफ कॉमर्स पदाधिकारी तथा अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
सेमिनार के मुख्य अतिथि सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह और देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम उपस्थित थे। अध्यक्षता बैढ़न व्यापार मंडल अध्यक्ष राजाराम केसरी ने की। चेम्बर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष संजय प्रताप सिंह और रेडक्रॉस सोसाइटी चेयरमैन एसडी सिंह वक्ता के रूप में मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और भगवान गणेश की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से किया गया। स्वागत उद्बोधन राजाराम केसरी ने दिया। जिलाध्यक्ष शाह ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए जीएसटी सुधारों को व्यापारियों के लिए लाभकारी बताया।सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसमें व्यापारियों का अहम योगदान है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्ता हमारे लिए केवल सेवा का माध्यम है और राष्ट्रहित सर्वोपरि है।इस अवसर पर रेडक्रॉस उपाध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह, संजीव अग्रवाल, भारत लाल गुप्ता, रामेश्वर दास गुप्ता, संजय अग्रवाल, अमर सिंह, रामलखन, सुरेश गुप्ता, सुरेंद्र कोटवानी समेत अनेक गणमान्य मौजूद रहे।
