
सिरोंज, 69 वीं राज्यस्तरीय अंडर 19 शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता में बालक वर्ग के फाइनल में जनजातीय कार्य विभाग ने इंदौर को हराकर खिताब जीता. जबकि बालिका वर्ग के फाइनल में शहडोल ने भोपाल को हराकर खिताब जीता. बालक वर्ग में तीसरे स्थान पर भोपाल तथा बालिका वर्ग में इंदौर की टीमें रही. इस मौके पर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया.
सिरोंज के सांदीपनि विद्यालय मैदान पर खेली गई राज्यस्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ. प्रतियोगिता के फाइनल में रोचक मुकाबले देखने को मिले. प्रतियोगिता में 5 दिनों में 48 फुटबॉल मैच खेले गये. जिसमें 10 संभागों के 360 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया. यह प्रतियोगिता लीग कम नॉक आउट पद्धति से खेली गई. प्रतियोगिता में उज्जैन, रीवा, जबलपुर, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, इन्दौर एवं भोपाल संभाग सहित जनजातीय कार्य विभाग की बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें शामिल हुई. प्रतियोगिता के खेल संचालन के लिए 16 स्टेट आफिशियल्स एवं स्थानीय रेफरी द्वारा मैचों का संचालन किया. इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 10 संभागों में से बालक एवं बालिका वर्ग की मध्यप्रदेश टीम का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु किया जा रहा है. बालक वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता श्रीनगर एवं बालिका वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता इंफाल में आयोजित की जावेगी.
फाईनल में हुये रोचक मकाबलें
प्रतियोगिता के बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला जनजातीय कार्य विभाग और इंदौर के बीच खेला गया. जिसमें अनीश ने 43 वें मिनट में गोल कर जनजातीय कार्य विभाग को विजयी बनाया. जबकि बालिका वर्ग का फाईनल भोपाल और शहडोल में बीच खेला गया. जिसमें रोचक खेल देखने को मिला. मैच ड्रा होने पर पैनल्टी शूटआउट से निर्णय किया गया. जिसमें भोपाल की ओर से हिना, तनिष्का, नव्या और देवीना ने गोल किये. जबकि शहडोल की ओर से सानिया, सौम्या, नीलम, वैष्णवी ने गोल किये. पैनल्टी बराबर होने पर सडन डेड में शहडोल की ओर से पूर्णिमा ने गोल किया.
