नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के दाम बढ़ गये जबकि गेहूं की कीमतों में गिरावट रही। चीनी में भी मजबूती रही। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का नवंबर वायदा नौ रिंगिट टूटकर 4,445 रिंगिट प्रति टन रह गया। अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52.03 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत करीब दो रुपये बढ़कर 3,847.83 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 10 रुपये टूटकर 2,847.76 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बोला गया। आटे के दाम में भी 10 रुपये की गिरावट रही और यह 3,303.94 रुपये प्रति क्विंटल बिका।
खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया। सरसों तेल औसतन नौ रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मूंगफली तेल 63 रुपये और सूरजमुखी तेल 11 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गया। सोया तेल 30 रुपये प्रति क्विंटल टूटा जबकि वनस्पति और पाम ऑयल के भाव लगभग स्थिर रहे।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत करीब छह रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। उड़द दाल में चार रुपये और चना दाल में दो रुपये प्रति क्विंटल की तेजी देखी गयी। वहीं, मूंग दाल 15 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई। मसूर दाल के भाव लगभग स्थिर रहे।
गुड़-चीनी : मीठे के बाजार में आज तेजी रही। गुड़ की औसत कीमत छह रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चीनी भी चार रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
