
सीधी। कमला स्मृति महाविद्यालय पडरा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. रोहित सिंह चौहान और मुख्य अतिथि डॉ. दिलीप कुमार सोनी (प्राध्यापक, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सीधी) ने दीप प्रज्ज्वलन से किया।
डॉ. सोनी ने विद्यार्थियों व प्राध्यापकों को नई शिक्षा नीति की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सत्र 2025-26 से प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को मेजर विषय के तीन, माइनर विषय के दो और बहुविषयक विषय का एक पेपर अनिवार्य रूप से पढ़ना होगा। उन्होंने सेमेस्टर प्रणाली, प्रमाणपत्र, डिप्लोमा और डिग्री व्यवस्था पर भी प्रकाश डाला।
प्राचार्य डॉ. चौहान ने नीति को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रोजगारपरक शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। सहायक प्राध्यापक विनय त्रिपाठी ने संचालन किया, जबकि मंगलेश्वर गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
