नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) एशियाई विकास बैंक (एडीबी) उत्तराखंड के टिहरी बांध के झील क्षेत्र में स्वस्थ और कार्बन मुक्त पर्यटन के ख्याल से आस पास के इलाकों में ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की परियोजना के लिए 12.64 करोड़ डॉलर की कर्ज सहायता देगा।
टिहरी झील क्षेत्र परियोजना में स्वस्थ, समावेशी और जलवायु- अनुकूल पर्यटन विकास परियोजना की वित्तीय सहायता के करार पर बुधवार को राजधानी में वित्त मंत्रालय के आर्थिक विभाग की संयुक्त सचिव जूही मुखर्जी और एडीबी के भारत में प्रभारी अधिकारी काई वेई येओ ने हस्ताक्षर किये।
सुश्री मुखर्जी ने कहा, “एडीबी ऋण उत्तराखंड सरकार की उस नीति का समर्थन करता है, जिसके तहत राज्य को एक विविधतापूर्ण, सभी मौसमों में पर्यटन के लिए उपयुक्त पर्यटन स्थल के रूप में तैयार करना है। इसके लिए टिहरी झील को विकास के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्र के रूप में पहचाना गया है।”
श्री येओ ने कहा, “यह परियोजना एक जलविद्युत झील के आसपास स्थायी पर्यटन के लिए एक मॉडल प्रस्तुत करती है, जिसमें रोजगार सृजन, आय में विविधता लाने और जलवायु दृढ़ता बनाने के लिए बहुक्षेत्रीय दृष्टिकोण अपनाया गया है।”
परियोजना का उद्येश्य टिहरी गढ़वाल ज़िले में बेहतर पर्यटन योजना, उन्नत बुनियादी ढाँचे, बेहतर स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन, और आपदा तैयारी के माध्यम से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए सुविधाएं मजबूत करना है। इससे 87,000 से अधिक स्थानीय निवासियों और 27 लाख वार्षिक आगंतुकों को लाभ होने की उम्मीद है।
इसके तहत वहां संस्थागत सुदृढ़ीकरण, जलवायु- परिवर्तन की दृष्टि से मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित करने , भूस्खलन और बाढ़ के जोखिम को कम करने के प्रकृति-आधारित समाधान निकालने, तथा महिलाओं, युवाओं और निजी क्षेत्र के नेतृत्व में समावेशी पर्यटन सेवाओं के विस्तार के कार्य किये जाने हैं।
