गौतम सोलर मध्य प्रदेश में 4,000 करोड़ रुपये से लगाएगी सोलर सेल निर्माण संयंत्र

नयी दिल्ली, 09 सितंबर ( वार्ता) देश के प्रमुख सोलर मॉड्यूल निर्माताओं में से एक, गौतम सोलर प्राइवेट लिमिटेड (जीएसपीएल) ने मध्य प्रदेश में अत्याधुनिक सोलर सेल निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 4,000 करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण निवेश की घोषणा की है।

कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार यह परियोजना ग्वालियर में 54 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी, जहां कंपनी नवीनतम टॉपकॉन तकनीक आधारित सोलर सेल्स के उत्पादन पर केंद्रित रहेगी, जिसकी कुल नियोजित क्षमता पांच गीगावॉट (5000 मेगावाट) होगी।

कंपनी ने कहा है कि परियोजना का क्रियान्वयन प्रथम चरण से शुरू हो चुका है, जिसमें दो गीगावॉट सोलर सेल निर्माण क्षमता स्थापित की जाएगी। इस चरण का कार्य वर्ष 2026 तक पूरा होने की संभावना है। प्रथम चरण की सफलतापूर्वक पूर्णता के पश्चात, गौतम सोलर फेज़ 2 के लिए पूंजी जुटाने के लिए आईपीओ लाने की योजना बना रहा है, जिसमें अतिरिक्त तीन गीगावॉट क्षमता स्थापित की जाएगी। कंपनी ने कहा है कि वह भविष्य की दृष्टि से सोलर वेफ़र निर्माण क्षेत्र में भी विस्तार करने का विचार कर रही है।

गौतम सोलर के निदेशक गौतम मोहंका ने कहा, “भारत में टॉपकॉन तकनीक से संचालित सबसे बड़े सोलर सेल निर्माण यूनिट्स में से एक के माध्यम से, हम घरेलू सौर निर्माण को नई ऊंचाई पर ले जाने एवं आयात निर्भरता कम करने के लिए कृतसंकल्प हैं। हमारी दृष्टि वेफ़र से मॉड्यूल तक, भारत में सौर मूल्य श्रृंखलाओं का एकीकरण करना है। हम देश के ‘हरित ऊर्जा’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान में सशक्त योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

Next Post

युवक पर धड़धड़ाते हुए गुजर गई ट्रेन, मौत

Tue Sep 9 , 2025
जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत घाट सिमरिया के पास मोहतरा में युवक पर धड़धड़ाते हुए ट्रेन गुजर गई। मृतक कौन है और किन परिस्थितियों में वह ट्रेन से कटा इसका पता नहीं चल सका है पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि गोसलपुर रेल्वे स्टेशन से अभिषेक राव प्वाइंट […]

You May Like