उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर विपक्षी दलों की बैठक , मतदान प्रक्रिया को लेकर दी जानकारी

नयी दिल्ली, 08 सितम्बर (वार्ता) विपक्षी दलों के नेताओं की संसद भवन परिसर में संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें उपराष्ट्रपति पद के लिए मंगलवार को होने वाले मतदान की प्रक्रिया समझाने के साथ ही अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
कांग्रेस सूत्रों ने बैठक के बाद बताया कि बैठक में विपक्षी दलों के सभी महत्वपूर्ण नेता मौजूद रहे। विपक्ष के विभिन्न दलों के लोकसभा तथा राज्यसभा सांसदों ने भी इसबैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में जिन प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, प्रमोद तिवारी, के सी वेणुगोपाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव तथा रामगोपाल यादव, शिवसेना उद्धव गुट की प्रियंका चतुर्वेदी, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माझी सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में कांग्रेस की तरफ से पार्टी नेता जयराम रमेश ने वोटिंग प्रक्रिया की जानकारी सांसदों को दी और कहा कि मतदान के समय उन्हें किन बातों का विशेष ध्यान रखना है।
विपक्षी नेताओं ने कहा कि उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्षी दलों के उम्मीदवार न्यायमूर्ति बी सुदर्शन रेड्डी एक मजबूत तथा बहुत उपयुक्त उम्मीदवार हैं इसलिए पूरा विपक्ष उनके पक्ष में एकजुट होकर उनके साथ खड़ा है। विपक्ष के सभी दलों के एकजुट होने से श्री रेड्डी की स्थिति बहुत मजबूत हो गयी है। गठबंधन के नेताओं का मानना है कि दोनों उम्मीदवारों के बीच वोटिंग अंतर बहुत कम रहेने की संभावना है इसलिए मतदान के दौरान कोई सदस्य गलती नहीं करे, इस बारे में बैठक में सांसदों को जानकारी दी गयी।
बैठक को सौहार्दपूर्ण मानते हुए विपक्षी दलों के नेताओं ने बैठक में शामिल नेताओं ने कहा कि बैठक सौहार्द्रपूर्ण माहौल में हुई और इस दौरान उपराष्ट्रपति चुनाव में सभी वोट विपक्ष के उम्मीदवार के पक्ष में सुनिश्चित करने का सदस्यों से आग्रह करने के साथ ही कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा कि गठबंधन के उम्मीदवार न्यायमूर्ति बी सुदर्शन रेड्डी किसी दल से संबद्ध नहीं हैं और यदि वह चुनाव जीतते हैं तो राज्यसभा के सभापति के रूप में निष्पक्ष भाव से काम करेंगे। उनका कहना था कि यदि निष्पक्ष व्यक्ति चुनाव जीत जाता है तो इससे सभी दलों और सभी सांसदों के साथ न्याय हो सकेगा।

Next Post

पंजाब की आप सरकार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए खोला खजाना : केजरीवाल

Mon Sep 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि पंजाब की आप सरकार ने बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहे लोगों के लिए खजाना खोल दिया है। श्री केजरीवाल ने आज कहा कि आज तक देश की किसी भी राज्य […]

You May Like